Sep 18 2026 / 10:55 PM

कोरोना को लेकर पीएम मोदी ने 40 खिलाड़ियों से की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संकट देश में तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रीय लॉकडाउन के बीच देश के 40 से अधिक खिलाड़ियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक घंटे तक बात की, जिनमें बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, दिग्गज सचिन तेंदुलकर और वर्तमान कप्तान विराट कोहली जैसे शीर्ष क्रिकेटर भी शामिल थे।

इनमें से कुछ खिलाड़ियों ने अपने सुझाव भी रखे और पीएम मोदी ने कहा कि उन पर पूरा ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान मोदी इन सभी खिलाड़ियों से कोरोना के खिलाफ जंग में साथ आने की अपील की। पहले भी पीएम मोदी ने खेल जगत के दिग्गजों के कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए दान देने के लिए अपील की थी।

पीएम मोदी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए 5 मंत्र दिए। यह संकल्प, संयम, सकारात्मकता, सम्मान और सहयोग हैं। पीएम मोदी ने सभी से कोरोना के खिलाफ टीम इंडिया के रूप में लड़कर भारतीय टीम को जिताने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा, सभी खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। अब वक्त आ गया है कि वे इस कठिन परिस्थिति में देशवासियों का मनोबल बढ़ाएं और सकारात्मकता फैलाएं। वहीं, देशहित में सही समय पर जरूरी कदम उठाने के लिए सभी खिलाड़ियों ने मोदी को धन्यवाद दिया।

चर्चा में पीटी ऊषा, पुलेला गोपीचंद, विश्वनाथन आनंद, हिमा दास, शरद कुमार, बजरंग पुनिया, पीवी सिंधु, रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और चेतेश्वर पुजारा भी शामिल रहे। इससे पहले पीएम मोदी ने लॉकडाउन के बीच देशवासियों के साथ 12 मिनट का एक वीडियो मैसेज साझा किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ अब तक 9 दिन के लॉकडाउन में लोगों ने अनुशासन का परिचय दिया। इस रविवार 5 अप्रैल रात 9 बजे आप सब 9 मिनट घर की लाइटें बंद कर मोमबत्ती, टॉर्च, दीये या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं।

Share With

मध्यप्रदेश