Sep 28 2026 / 1:52 AM

पीएम मोदी ने तमिलनाडु को दी 20 हजार करोड़ की सौगात, बोले- दुनिया में एक नई उम्मीद बनकर उभरा भारत

चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार से दो दिवसीय दक्षिण दौरे पर तिरुचिरापल्ली पहुंचे. इस दौरे के तहत पीएम मोदी तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में भारतीदासन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए और उन्होंने तिरुचिरापल्ली एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने राज्य को 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री स्टालिन, राज्यपाल आरएन रवि और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं कामना करता हूं कि साल 2024 सभी के लिए शांतिपूर्ण और समृद्ध हो। यह सौभाग्य की बात है कि 2024 में मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम तमिलनाडु में हो रहा है। आज लगभग 20,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जो तमिलनाडु की प्रगति को मजबूत करेंगी। मैं आपको इन परियोजनाओं के लिए बधाई देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा, पिछले कुछ सप्ताह तमिलनाडु के लोगों के लिए मुश्किल भरे रहे। हमने भारी बारिश के कारण कई लोगों को खोया है। संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में तमिलनाडु के लोगों के साथ खड़ी है। हम राज्य सरकार को हर तरह की संभव मदद उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आजादी का अमृतकाल, यानि आने वाले 25 साल भारत को डेवलप्ड नेशन बनाने के हैं। जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो इसमें आर्थिक और सांस्कृतिक, दोनों पहलू शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, आज भारत दुनिया में एक नई उम्मीद बनकर उभरा है। बड़े निवेशक देश में निवेश कर रहे हैं और इसका फायदा तमिलनाडु और देश की जनता को मिल रहा है। तमिलनाडु मेक इन इंडिया का बड़ा ब्रांड एंबेसडर बन रहा है।

केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री की तारीफ में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि एयरपोर्ट सिर्फ यात्रा का माध्यम ना रहें, बल्कि एयरपोर्ट ग्रोथ का केंद्र बनें। देश में आज एयरपोर्ट रोजगार का केंद्र बने हैं। पीएम मोदी के कार्यकाल में जो बदलाव हुआ है, उसमें सभी के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया गया है। हवाई चप्पल पहनने वाला भी आज के समय में हवाई जहाज में यात्रा कर रहा है।

Share With

मध्यप्रदेश