Oct 08 2026 / 10:16 PM

पीएम मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का किया उद्घाटन, बोले- मोबाइल बना सुशासन का बड़ा माध्यम

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया। नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने डिजिटल तकनीक, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे अहम मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन अब केवल बातचीत का माध्यम नहीं रहा, बल्कि यह सुशासन और सरकारी सेवाओं की डिलीवरी का महत्वपूर्ण जरिया बन चुका है।

पीएम मोदी ने कहा कि DBT के जरिए करीब 50 लाख करोड़ रुपये लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पहुंचे हैं। इससे सरकारी योजनाओं में होने वाली लीकेज को रोकने में मदद मिली और करीब 5 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि मोबाइल और बैंक खातों से जुड़ी डिजिटल व्यवस्था ने सरकारी सहायता को सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। पीएम मोदी ने कहा कि यह पैसा गलत हाथों में जाने से बचा है।

DBT के जरिए लीकेज रोकने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन लोगों की “बिना मेहनत की कमाई” बंद हुई है, वे मोदी से प्यार करेंगे क्या? उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी गड़बड़ियों को रोकना है और विरोध व आलोचना के बावजूद यह काम जारी रहेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में मोबाइल फोन की भूमिका तेजी से बदली है। आज सैकड़ों सरकारी सेवाएं मोबाइल पर उपलब्ध हैं और लोगों को कई कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में AI और 6G पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने बताया कि 2017 में शुरू हुआ यह आयोजन अब 100 से अधिक देशों की भागीदारी वाला वैश्विक मंच बन चुका है।

प्रधानमंत्री ने डीपफेक, साइबर फ्रॉड और डेटा सुरक्षा को डिजिटल युग की बड़ी चुनौतियां बताया। उन्होंने इनसे निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और मजबूत डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया।

पीएम मोदी ने भारत के गेमिंग सेक्टर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में 50 करोड़ से अधिक लोग गेमिंग इकोसिस्टम से जुड़े हैं, जिसमें छोटे शहरों और कस्बों के युवाओं की भी अहम भागीदारी है।

Share With

मध्यप्रदेश