Sep 23 2026 / 10:21 PM

पीएम मोदी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कटक में होने वाले पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उद्घाटन किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपके साथ तकनीक के माध्यम से जुड़ रहा हूं, लेकिन वहां जो माहौल है, जो उत्साह है, जो जुनून है, जो ऊर्जा है, उसको मैं अनुभव कर सकता हूं।

आज ओडिशा में नया इतिहास बना है। भारत के इतिहास में पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की शुरुआत हो रही है। ये भारत के खेल इतिहास के लिए ऐतिहासिक पड़ाव तो है ही, भारत के खेलों के भविष्य के लिए भी एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आपके सामने 200 से ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने का लक्ष्य तो है ही, उससे भी अहम आपके अपने प्रदर्शन में सुधार, आपके खुद के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देना है। भुवनेश्वर में आप एक-दूसरे से तो कंपीट कर ही रहे हैं, खुद से भी कंपीट कर रहे हैं। खेलो इंडिया अभियान ने देश के कोने-कोने में खेलों के प्रति आकर्षण और युवा टैलेंट की पहचान में अहम भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये दिन सिर्फ एक टूर्नामेंट का आरंभ मात्र नहीं है, बल्कि भारत में खेल आंदोलन के अगले चरण की शुरुआत है। साल 2018 में जब खेलो इंडिया गेम्स की शुरुआत हुई थी, तब इसमें 3500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

लेकिन महज तीन वर्षों में खिलाड़ियों की संख्या 6 हजार से अधिक हो गई, यानी लगभग दोगुनी। बीते 5-6 सालों से भारत में स्पोर्ट्स के प्रमोशन और हिस्सेदारी के लिए ईमानदार प्रयास किए जा रहे हैं। टैलेंट की पहचान हो, ट्रेनिंग हो, या फिर चयन प्रक्रिया, हर तरफ ट्रांसपेरेंसी को प्रमोट किया जा रहा है।

इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय खेल मंत्री कीरेन रीजीजू और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान भी उपस्थित थे। स्टार फर्राटा धाविका दुती चंद भी इन खेलों का हिस्सा हैं। वह मेजबान केआईआईटी विश्वविदद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Share With

मध्यप्रदेश