Sep 23 2026 / 10:22 PM

पीएम मोदी ने ‘नारी शक्ति पुरस्कार’ प्राप्त महिलाओं से की मुलाकात

नई दिल्ली। प्रधानमत्री नरेन्‍द्र मोदी शनिवार को नई दिल्ली में नारी शक्ति पुरस्‍कार प्राप्‍त करने वालों से मिले और उनसे बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने पुरस्‍कार विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और कहा कि उनके कार्य अन्‍य लोगों के लिए एक प्रेरणा हैं। पीएम मोदी ने उनके काम की तारीफ करते हुए कहा कि आज आप दूसरों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

इस दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा कि जब आपने अपना काम शुरू किया, तो आपने इसे एक मिशन के रूप में किया होगा या जीवन में कुछ मूल्यवान करने के लिए किया होगा या फिर बस आप वक्त के प्रवाह के साथ चलते चले गए होंगे। आपने यह किसी इनाम के लिए नहीं किया, लेकिन आज आप दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

पीएम मोदी ने ‘नारी शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित पदाला भूदेवी से बातचीत करते हुए कहा, मैं आपको आपके प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। इस वर्ष सरकार ने किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के लिए बड़ा मिशन शुरू किया है, आपको इसका लाभ उठाना चाहिए। बता दें कि भूदेवी ने आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं को उद्यमिता विकसित करने में काफी मदद की है।

भूदेवी ने बताया कि उनकी छोटी उम्र में शादी हो गई थी। उनकी तीन बेटियां हैं। बेटियां होने के कारण उनके पति ने उनको छोड़ दिया था। जिसके बाद बेटियों को लेकर वह अपने मां-बाप के घर पर आ गईं। वहां उनके पिता खेती का काम करते थे और उनके साथ रहते हुए उन्होंने खेती से जुड़ा काम जाना। पोषक फसलों की खेती के बारे में भी जाना। इसके बाद बैंक से लोन लेकर पोषक फसलों की खेती से जुड़ा छोटा उद्योग शुरू किया।

पीएम मोदी ने कहा, जब सुनते हैं तो आश्चर्य होता है कि हमारे लोग किस प्रकार से आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व कर रहे हैं, समाज में परिवर्तन कर रहे हैं। आपने इस भूमिका को निभाया है, एक प्रकार से आपका सम्मान नारी शक्ति का सम्मान है। आपने बहुत बड़ा योगदान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिवस एक प्रकार से जन सामान्य से जुड़ चुका है। पहली बार देश के सभी अखबार, टीवी चैनल, सोशल मीडिया सब जगह चर्चाओं में हमारे देश की नारी शक्ति पर विशेष ध्यान गया है।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2020 के मौके पर पीएम मोदी ने रविवार को समाज को प्रेरणा देने वाली महिलाओं को अपना सोशल मीडिया अकाउंट सौंपा। पीएम ने अपना ट्वटिवर हैंडल उन महिलाओं को सौंपा, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाबी हासिल की।

Share With

मध्यप्रदेश