पुलवामा हमले की बरसी पर पीएम मोदी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- देश शहादत को कभी नहीं भूलेगा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों पर हुए जघन्य आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत उनकी शहादत को कभी नहीं भूलेगा।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, पिछले साल भीषण पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले बहादुर शहीदों को श्रद्धांजलि। वे असाधारण शख्स थे जिन्होंने हमारे देश की सेवा और रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारत उनकी शहादत को कभी नहीं भूलेगा।
गौरतलब है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 2,500 सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही 78 बसों के काफिले पर पिछले साल फरवरी में पुलवामा जिले के लेथपोरा में पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के एक आत्मघाती हमलावर ने हमला किया था, जिसके परिणामस्वरूप 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे और हमलावर की मौत हो गई थी।
