चक्रवात अम्फान: प. बंगाल पहुंचे पीएम मोदी, ममता बनर्जी ने किया स्वागत
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अम्फान चक्रवात के बाद पैदा हुई स्थिति का जायजा लेने के लिए पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं। जहां राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ओडिशा का भी दौरा करेंगे।
केंद्र और बंगाल के बीच तनातनी के बीच पीएम मोदी और ममता बनर्जी कोलकाता सहित उत्तर और दक्षिण परगना के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। पीएम मोदी दिल्ली से कोलकाता पहुंच चुके हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अम्फान तूफान के चलते अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले कोलकाता में 19 लोगों की मौत हुई है।
पीएम मोदी आज सुबह पौने 11 बजे दमदम हवाईअड्डे पर पहुंचे। इसके बाद वह 10-50 बजे बशीरघाट जाएंगे। पीएम मोदी 11-20 बजे ममता बनर्जी के साथ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वे के लिए निकलेंगे। सर्वे के बाद पीएम सीएम ममता के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 1.30 बजे ओडिशा के लिए रवाना हो जाएंगे।
83 दिनों के बाद यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री दिल्ली से बाहर गए हैं। उनका आखिरी दौरा 29 फरवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और चित्रकूट का था। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 25 मार्च से लॉकडाउन जारी है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रमों में शिरकत की लेकिन वे दिल्ली से बाहर नहीं गए।
