हंदवाड़ा मुठभेड़ के शहीदों को पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- बलिदान को भुलाया नहीं जा सकेगा
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में भारतीय सेना के 5 जवान शहीद हो गए हैं। बता दें कि 21 राष्ट्रीय राइफल के कमांडिंग करना ऑफिसर आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सूद समेत 5 जवान हैं जो शहीद हुए हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, हंदवाड़ा में शहीद हुए हमारे साहसी सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि। उनकी वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने राष्ट्र के लिए अत्यंत समर्पण के साथ काम किया और हमारे नागरिकों की रक्षा के लिए अथक परिश्रम किया। उनके परिवारों और दोस्तों के प्रति संवेदना।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर लिखा, हंदवाड़ा में जवानों और सुरक्षाकर्मियों का शहीद होना दुखद और परेशान करनेवाला है। हमारे सभी जवानों ने आंतकियों से लड़ने में अदम्य साहस का परिचय दिया है। उनका यह बलिदान और साहस कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा- मैं हंदवाड़ा में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शहीद हुए सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिवार के साथ हैं। भारत इन बहादुर शहीदों के परिवारवालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
बता दे कि आज जब पूरा देश कोरोना वायरस से जंग लड़ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सरहद पर खड़े देश के वीर जवान आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। आज आतंकियों के इस हमले में 5 जवान शहीद हुए हैं।
शहीद सुरक्षाकर्मियों में 21 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सूद, नायक राकेश, लांस नायक दिनेश के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस के सब इंस्पेक्टर शकील काजी शहीद हो गए। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ में दो आतंकी को भी ढेर कर दिया।मरने वाले दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के थे। एक आतंकी स्थानीय बताया जा रहा है।
