Sep 24 2026 / 8:10 AM

पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की सरपंचों से बात, कहा- कोरोना संकट में हम आत्‍मनिर्भर बनें

नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर देश भर के सरपंचों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए संवाद किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने एकीकृत ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया।

उन्‍होंने ई स्‍वराज पोर्टल और मोबाइल एप व स्‍वामित्‍व योजना का शुभारंभ करते हुए इसकी महत्‍ता बताई। साथ ही कहा कि कोरोना संकट से हमें संदेश मिलता है कि हम आत्‍मनिर्भर बनें। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरपंचों को दो गज की दूरी का मंत्र दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, इस कोरोना संकट ने दिखा दिया है कि देश के गांवों में रहने वाले लोगों ने इस दौरान अपने संस्कारों-अपनी परंपराओं की शिक्षा के दर्शन कराए हैं। गांवों से जो अपडेट्स आ रहा है, वो बड़े-बड़े विद्वानों के लिए भी प्रेरणा देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने कहा, आज लांच हुए एप के जरिए ग्राम पंचायतों के फंड, उसके कामकाज की पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके माध्यम से कार्यशैली में पारदर्शिता के साथ परियोजनाओं के काम में तेजी आएगी।

उन्‍होंने आगे कहा, स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को एक नहीं अनेक लाभ होंगे। इससे संपत्ति को लेकर भ्रम और झगड़े खत्म होंगे। इससे गांव में विकास योजनाओं की प्लानिंग में मदद मिलेगी। इससे शहरों की तरह गांवों में भी आप बैंकों से लोन ले सकेंगे।

उन्‍होंने बताया कि देश के 6 राज्‍यों में स्‍वामित्‍व योजना की शुरुआत होगी जिसके तहत गांव की संपत्‍तियों की मैपिंग की जाएगी। गांव की एक-एक संपत्‍ति को प्रमाण पत्र मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस बड़ा विचित्र वायरस है। वह अपने आप कहीं नहीं जाता है। अगर आप कोरोना को बुलाने जाएंगे, लेने जाएंगे तो वह आपके साथ घर में घुस जाएगा। इसलिए दो गज की दूरी वाला मंत्र गूंजते रहना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी संग चर्चा के दौरान ग्राम प्रधानों और सरपंचों ने कोरोना महामारी के दौरान गांवों में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सरपंचों और प्रधानों से केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी पूछा। प्रधानमंत्री ने पूछा कि केंद्रीय योजनाओं का कैसे लाभ ले रहे हैं और उनकी प्रतिक्रिया क्या है।

Share With

मध्यप्रदेश