आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, लॉकडाउन 4.0 का कर सकते हैं ऐलान
नई दिल्ली। कोरोना संकट और लॉकडाउन 3.0 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिर एक बार देश को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी रात 8 बजे देश से मुखातिब होंगे और सरकार की ओर से कोरोना को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में बताएंगे।
लॉकडाउन 3.0 के बाद भी देश के कई हिस्सों में कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी आज रात के संबोधन में देश में फिर से लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर सकते हैं।
सूत्रों से खबर है कि पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से आज लॉकडाउन के चौथे चरण का ऐलान किया जा सकता है। इस चरण लोगों में ज्यादा छूट जाएगी। साथ ही पीएम मोदी, देश के सामने सिलसिलेवार लॉकडाउन एग्जिट प्लान का ऐलान कर सकते हैं। इसके अलावा लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की अपील भी की जाएगी।
वैसे लॉकडाउन के तीसरे चरण की मियाद 17 को पूरी हो रही है। कोरोना और लॉकडाउन को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की थी। इस दौरान कई मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने की वकालत की थी।
इस बैठक की खास बात ये थी कि इसमें सभी मुख्यमंत्रियों को बोलने के लिए वक्त दिया गया था। सभी मुख्यमंत्रियों का बोलने का क्रम निर्धारित कर दिया गया था। इस दौरान कई मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने की वकालत की थी।
बता दें कि देशभर में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3604 नए मामले सामने आए हैं और 87 लोगों की मौत हुई है।
