Sep 23 2026 / 10:59 AM

गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन जाएंगे पीएम मोदी, SCO समिट में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने के अंत में चीन के दौरे पर जाएंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर, 2025 तक चीन के तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। संभव है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय वार्ता भी हो।

2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद पीएम मोदी का यह पहला चीन दौरा होगा। पीएम मोदी इससे पहले 2019 में चीन यात्रा पर गए थे। 31 अगस्त को चीन पहुंचने से पहले पीएम मोदी जापान भी जाएंगे। पीएम मोदी अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

इस दौरान बुलेट ट्रेन परियोजना समेत दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और आपसी रिश्तों को मजबूती प्रदान करने पर दोनों नेताओं का जोर रहेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकियों के बीच पीएम मोदी का चीन और जापान दौरा काफी अहम माना जा रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी भारत के साथ संबंधों को सुधारने पर जोर दे रहे हैं। इस लिहाज से पीएम मोदी के चीन जाने से दोनों देशों के संबंधों में और सुधार आने की गुंजाइश है।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जून में चीन का दौरा किया था। रक्षा मंत्री चीन के किंगदाओ शहर में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षामंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल इन दिनों रूस के दौरे पर गए हुए हैं। डोभाल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ धमकियों पर चर्चा करेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश