तीन राज्यों में भाजपा की शानदार जीत पर पीएम मोदी का ट्वीट- जनता का भरोसा विकास की राजनीति पर
नई दिल्ली। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मिली शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिमसें उन्होंने राज्य की जनता का शुक्रिया अदा किया है। पीएम मोदी ने तेलंगाना के वोटरों को भी धन्यवाद कहा।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- जनता-जनार्दन को नमन! मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा भाजपा में है। भाजपा पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए मैं इन सभी राज्यों के परिवारजनों का, विशेषकर माताओं-बहनों-बेटियों का, हमारे युवा वोटर्स का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक मेहनत करते रहेंगे।
इस अवसर पर पार्टी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार! आप सभी ने अद्भभुत मिसाल कायम की है। भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितना बखान किया जाए वो कम है। हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें ना रुकना है, ना थकना है। हमें भारत को विजयी बनाना है। आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है।
