Sep 23 2026 / 10:21 PM

प्रयागराज पहुंचे पीएम मोदी, दिव्यांगों और वृद्धजनों को बांटे सहायता उपकरण

प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज पहुंच चुके हैं। इस दौरान उन्होंने परेड मैदान में 26,791 दिव्यांगजन और वृद्धजनों को सहायता उपकरण बांटे और उनसे मुलाकात की। पीएम मोदी ने राजेश नाम के दिव्यांग को मोटराइज्ड ट्राई साइकल देकर सहायता उपकरण वितरण की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने एक वर्ल्ड रेकॉर्ड भी बनाया है। यह एक ही दिन में किसी सरकारी कार्यक्रम में एक स्थान से इतनी बढ़ी संख्या में उपकरण वितरित करने का अनोखा वर्ल्ड रेकॉर्ड है।

पीएम आगे तीन सौ दिव्यांगजन से अलग से मन की बात भी करेंगे। पीएम यहां सिर्फ दो घंटे ही रहेंगे। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा दी गई। इस रैली के बाद पीएम हेलीकॉप्टर से चित्रकूट रवाना होंगे। वहां से बमरौली एयरपोर्ट लौटकर शाम को भारतीय वायुसेना के विशेष वायुयान से दिल्ली लौट जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 10:30 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड पहुंचकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी के साथ परेड ग्राउंड में मौजूद दिव्यांगजन और वृद्धजनों से मुलाकात की। पीएम मोदी को अपने बीच देखकर दिव्यांग और वृद्धजनों काफी खुश नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।

सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगों को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने विकलांग शब्द की जगह उन्हें दिव्यांग की संज्ञा दी। यह पहली बार है जब एक साथ इतने हजार दिव्यांगजन को सहायता उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।

Share With

मध्यप्रदेश