पुजारा को रोकने का तरीका हमें ढूंढना होगा: पैट कमिंस
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को लगता है 2018 में जिस ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने घर में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना किया था मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम उस टीम से काफी बेहतर है। कोहली की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से मात दी थी। इसी के साथ भारत ने 71 साल में पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने का गौरव हासिल किया था।
कमिंस ने कहा, इसलिए मुझे लगता है कि हम बेहतर स्थिति में हैं। विश्व के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज ने भारत के चेतेश्वुर पुजारा की तारीफ की है और कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी ईकाई को पुजारा का तोड़ निकालना होगा। पुजारा ने उस सीरीज में 521 रन बनाए थे और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को परेशान किया था।
कमिंस ने कहा, उसने उस (2018-19) श्रृंखला में भारत के लिए रनों का अंबार लगाया था। वह ऐसे खिलाड़ियों में है जो क्रीज पर पैर जमाने के लिए समय लेता है और उन पर दबाव का ज्यादा असर नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा, उसने जिस तरह पिछली बार बल्लेबाजी की उसे रोकने का हमें तरीका ढूंढना होगा। पिच से हालांकि गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी। मुझे लगता है हमें खुद ही इसका तरीका ढूंढना होगा। कमिंस को उम्मीद है कि इस बार हालात ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत को रोकने के लिए पुजारा को कुछ अलग करने के लिए विवश करना होगा।
