रोहित शर्मा ने डेविड वार्नर को बताया कब लेंगे संन्यास
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। हाल ही में वो ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर के साथ नजर आए जहां उन्होंने उनके साथ बातचीत में बताया कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से कब संन्यास लेंगे।
बता दें, कोरोना वायरस के असर के कारण दुनिया के कई देशों में लॉक डाउन है। इस वायरस के कारण ही क्रिकेट टूर्नामेंट या तो स्थगित कर दिए गए हैं या फिर उन्हें रद्द कर दिया गया है।
रोहित शर्मा ने डेविड वॉर्नर के साथ बातचीत के दौरान कहा, परिवार के साथ रहना बहुत जरूरी होता है। बतौर क्रिकेटर हम दूर रहते हैं परिवार से और हमें पता है कि कितनी याद आती है। परिवार की बहुत अहमियत है। करियर खत्म होने के बाद परिवार ही आपके साथ रहेगा। मेरा करियर तो 38 से 39 साल तक खत्म हो जाएगा। आजकल मैं उनके साथ काफी अच्छा समय बिता रहा हूं।
इतना ही नहीं रोहित शर्मा ने बताया है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी करने का अलग ही मजा आता है।
रोहित शर्मा ने कहा, मुझे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना पसंद है। वहां सीरीज जीतना बेहद खास था। हमारे बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हम आगे की सीरीज के लिए भी तैयार हैं। मैं चाहता हूं कि कोरोना वायरस के बाद लोगों को भारत-ऑस्ट्रेलिया की सीरीज हो।
उन्होंने आगे कहा, मुझे लगता है कि आईपीएल भी शुरू हो सकता है लेकिन मैं ऑस्ट्रेलिया सीरीज का इंतजार कर रहा हूं। ऑस्ट्रेलिया में कुछ आसानी से नहीं मिलता। मुझे ऑस्ट्रेलिया जाना पसंद है।
