Aug 22 2026 / 4:46 PM

उज्जैन: महाकाल परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

उज्जैन। महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार सुबह भगदड़ की स्थिति बन गई। हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के पास करंट फैलने की अफवाह के बाद दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस दौरान कई श्रद्धालु घायल हो गए।

भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ सोमवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर घटनाएं हुईं। नीलकंठ द्वार के पास करंट की अफवाह से भगदड़ जैसे हालात बने, जबकि दूसरी ओर हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।

घटना के बाद परिजन और सुरक्षाकर्मी करीब 13 श्रद्धालुओं को अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल सभी का उज्जैन जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

भगदड़ के दौरान कुछ श्रद्धालु घायल भी हुए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया। घायलों में हिंदूबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, सागर पुत्र मनीष उम्र 19 वर्ष निवासी किशनपुरा उज्जैन, लक्ष्मीबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, अनसूया और उनकी मां ममता दोनों निवासी गंजबासौदा, हरिश्चंद्र निवासी ग्राम सिलवासा, वापी गुजरात, सोनम उम्र 18 वर्ष निवासी ग्वालियर, सुजीत कुमार निवासी दरभंगा बिहार, खुशी निवासी ग्वालियर तथा तुलसी और उनकी मां रेखाबाई दोनों निवासी वलसाड गुजरात शामिल हैं।

भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार किया गया। भीड़ के दबाव और अफरा-तफरी के चलते कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थिति को संभाला। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित करने के प्रयास किए गए। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू बताई जा रही है। प्रशासन और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश