तमिलनाडु: बस और कंटेनर की टक्कर, 20 यात्रियों की मौत, कई लोग घायल
नई दिल्ली। तमिलनाडु में तिरुपुर जिले के अविनाशी शहर के पास गुरुवार सुबह एक वॉल्वो बस और कंटेनर की टक्कर में 20 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को किसी तरह बस से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। केरल राज्य परिवहन की बस बेंगलुरु से एर्नाकुलम आ रही थी। इसमें 48 लोग सवार थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोयंबटूर-सलेम हाईवे पर अचानक टायर फटने से कंटेनर अनियंत्रित हुआ और डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ सामने से आ रही बस से टकरा गया। कंटेनर का ड्राइवर फरार बताया जा रहा है। वहीं, केरल के परिवहन मंत्री एके सशींद्रन ने बताया कि वॉल्वो बस में 50 से ज्यादा यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होती है। हादसे का शिकार हुई बस में ज्यादातर सवारियां केरल की थीं।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 14 पुरुष और 6 महिलाएं हैं। केरल के नजदीकी जिले पलक्कड़ और तमिलनाडु के तिरुपुर के कलेक्टर राहत कार्य पर नजर बनाए हुए हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने घायलों का मुफ्त इलाज कराने की बात कही। उनके ऑफिस की ओर से कहा गया है कि घायलों की हर संभव मदद के लिए हम तमिलनाडु सरकार और तिरुपुर कलेक्टर के संपर्क में हैं।
