अगस्त में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी टीम इंडिया
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस के लिए एक अच्छी खबर आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और क्रिकेट साउथ अफ्रीका के तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए राजी हो गए हैं। यह सीरीज खेलने के लिए टीम इंडिया अगस्त में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी। हालांकि इस सीरीज के आयोजन के लिए सरकार की अनुमति मिलना बाकी है।
टीम इंडिया और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने मार्च के पहले हफ्ते से क्रिकेट नहीं खेला है। मार्च में दक्षिण अफ्रीका की टीम इंडिया के दौरे पर तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने के लिए आई थी। इस सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जबकि बाकी दो मैचों को कोरोना वायरस के कारण रद्द कर दिया गया था। इस तरह से दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली यह वनडे सीरीज बिना किसी मैच के आयोजन के रद्द हो गई थी।
सरकार से अनुमति मिलने की स्थिति में क्रिकेट साउथ अफ्रीका बॉयो-बबल बनाने पर विचार करेगा जिससे कि खिलाड़ियों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके। ऐसा कहा जा रहा है कि लोगों के आने-जाने पर कड़ाई के साथ निगरानी रखी जाएगी और समय-समय पर उनकी टेस्टिंग भी की जाएगी। बॉयो-बबल का निर्माण ऐसे मैदान में किया जाता है जहां स्टेडियम के अंदर ही खिलाड़ियों को रहने की सुविधा भी मौजूद हो।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका बड़ी आर्थिक क्षति की ओर अग्रसर है और ऐसे में भारत को होस्ट करके वे अपने नुकसान को कम कर सकते हैं। 2019-20 सीजन के पहले दक्षिण अफ्रीका चार साल के चक्र में 36 मिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान उठाने जा रहा था। भले ही कोरोना वायरस की वजह से अब तक क्रिकेट साउथ अफ्रीका को ज़्यादा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन भारत को होस्ट करके वे भविष्य में होने वाले नुकसान से खुद को बचा सकते हैं।
