जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, हिज्बुल कमांडर रियाज नाइकू ढेर
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के बेगपुरा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने मोल्टवांटेड आतंकी हिज्बुल कमांडर रियाज नायकू को मार गिराया है।
बेगपुरा में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू के छिपे होने की सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। घंटों चली इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 40 किलो आईईडी से एक घर को उड़ा दिया था। इस घर में ही रियाज नाइकू छिपा था। विस्फोट के दौरान वह मारा गया, जबकि दूसरा उसका एक साथी बगल के घर में छिप गया है। अभी मुठभेड़ जारी है।
रियाज अहमद नायकू घाटी का सबसे वांछित आतंकी था। मुठभेड़ में यासीन इट्टू की मौत के बाद से इसने कमान संभाली थी। दिसंबर 2012 में हिज्ब में शामिल हुआ और महज पांच सालों में संगठन के प्रमुख बन गया। वह तकनीक में महारत रखता था।
एक आतंकी के जनाजे में शामिल होने के बाद उसने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान को समर्थन देने की बात कही थी। नायकू सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर 2016 में पोस्टर ब्वॉय बुरहान वानी की मौत के बाद आना शुरू हुआ था। उसके सिर पर 12 लाख रुपए का इनाम था। अवंतीपुरा के दुरबग के नायकू मोहल्ले का निवासी नायकू घाटी के वांछनीय आतंकियों की A++ श्रेणी में आता था।
उसने घाटी में सब्जार भट की मौत के बाद हिजबुल मुजाहिद्दीन के मुखिया का पद संभाला था। नायकू को पूरी घाटी में हिजबुल का कमांडर माना जाता था। सुरक्षा एजेंसियों ने इससे पहले उसे कई बार घेरा था, लेकिन हर बार वह किसी तरह बचकर भाग निकलने में सफल हो जाता था।
वहीं, इस वक्त पुलवामा के ही पंपोर इलाके में भी सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को घेर रखा है। मंगलवार देर शाम ही सुरक्षाबलों को एक स्थान पर आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद से ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
