Jul 28 2026 / 4:18 PM

राशन लेने गया ले आया दुल्हन

गाजियाबाद। देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हो रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लॉकडाउन के दौरान एक शख्स सब्जी और राशन लेने के लिए बाजार में निकला। लेकिन वह घर वापस लौटा तो शादी रचाकर दुल्हन को साथ लेकर आ गया।

लॉकडाउन में अचानक दुल्हन के घर आने पर युवक की मां के होश उड़ गए। दरअसल यह बेटा अपनी गर्लफ्रेंड को पत्नी बनाकर ले आया था। नाराज लडक़े की मां ने दुल्हन को अपने घर में घुसने से रोक दिया। इसके बाद पूरा मामला थाने पहुंच गया।

दुल्हन के लिबास में लडक़ी और उसके साथ लडक़ा दोनों थाने में मौजूद थे। वहां पर लडक़े की मां भी आई और खुले शब्दों में कह दिया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले बेटे को घर में नहीं घुसने दूंगी। बेटा राशन लेने गया था और लडक़ी ब्याह कर ले आया।

फिलहाल लडक़े की मां के राजी न होने के बाद पुलिस ने दूल्हा दुल्हन को अलग किराये के मकान में रहने के लिए बोल दिया है। युवक के अनुसार दोनों ने शादी कर ली है और इससे एक महीने पहले भी दोनों हरिद्वार में शादी कर चुके हैं।

Share With

मध्यप्रदेश