Sep 25 2026 / 9:47 AM

आज सेना करेगी कोरोना वॉरियर्स का सम्मान, अस्पतालों पर होगी फूलों की वर्षा

नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ जारी जंग में जी जान से जुटे कोरोना वॉरियर्स को आज देश की सेना के तीनों अंगों द्वारा कोरोना योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके तहत सेना अस्पतालों पर फूलों की बरसात करेगी।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि कोरोना को शिकस्त देने में लगे हजारों डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मी और दूसरे फ्रंटलाइन योद्धाओं को सेना की तरफ से आभार प्रकट किया जाएगा। इस कार्यक्रम की शुरूआत दिल्ली के पुलिस मेमोरियल में श्रद्धांजलि के साथ होगी। इसके बाद वायु सेना देशभर में फ्लाइ पास्ट करेगी।

पहला फ्लाइ पास्ट श्रीनगर से त्रिवेंद्रम तक होगा जबकि दूसरा फ्लाई पास्ट डिब्रुगढ़ से कच्छ तक किया जाएगा. भारतीय वायु सेना के ट्रांसपोर्ट विमान और फाइटर जेट इस फ्लाई पास्ट में शामिल होंगे। नेवी के हेलीकॉप्टर कोरोना अस्पतालों पर आसमान से फूल बरसाएंगे। इंडियन आर्मी देशभर के करीब करीब सभी जिलों में कोविड अस्पतालों में माउंटेन बैंड परफॉर्मेंस देग। नौ सेना के लड़ाकू जहाज दोपहर 3 बजे के बाद रोशन नजर आएंगे। पुलिस बलों के सम्मान में सशस्त्र बल पुलिस मेमोरियल पर माल्यार्पण करेंगे।

जिन शहरों में फाइटर जेट्स फ्लाई पास्ट करेंगे वे शहर हैं, दिल्ली, मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, पटना और लखनऊ।। जिन शहरों में ट्रासपोर्ट एयरक्राफ्ट फ्लाई पास्ट करेंगे वे शहर हैं श्रीनगर, चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर, भोपाल, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोयम्बटूर और तिरुवनंतपुरम।

सुबह 10 बजे एम्स, कैंट बोर्ड हॉस्पिटल और नरेला हॉस्पिटल के बाहर आर्मी बैंड परफॉम करेगा। सुबह 10.30 बजे बेस हॉस्पिटल पर आर्मी बैंड की धुन सुनाई देगी। जबकि 11 बजे गंगाराम हॉस्पिटल और आरएंडआर हॉस्पिटल के बाहर माउंटेन बैंड की परफॉर्मेंस होगी।

वहीं, नेवी के अधिकारियों ने कहा है कि मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया से सटे समुद्र में रात 7.30 से 12.00 बजे तक नौसेना के 5 जहाजों को रोशनी में नहाया जाएगा। जबकि पूर्वी कमांड विशाखापत्तनम पोर्ट पर दो जहाजों में रोशनी करेगा।

Share With

मध्यप्रदेश