पीएम मोदी की अपील पर आज देशवासी एकजुटता का संदेश देने के लिए जलाएंगे दीया
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वजह से देशभर में लॉकडाउन है। लोग घरों के अंदर है। बाहर निकलने पर रोक है। वहीं देश में लगातार कोरोना वायरस बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से अपील की थी कि 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए लोग अपने घरों की लाइटें बंद कर दीये, मोमबत्ती और मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर आज देशवासी दीया जलाएंगे, जिससे पूरे देश को कोरोना से लड़ने के लिए एकजुटता का संदेश देंगे। दरअसल पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम जारी एक वीडियो मेसेज के जरिए देश के लोगों से 5 अप्रैल, रविवार को रात नौ बजे घरों सारी बत्तियां बुझाकर 9 मिनट के लिए मोमबत्ती, दिया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने का आग्रह किया था।
3 अप्रैल को जारी वीडियो संदेश में पीएम ने कहा था, ‘रविवार 5 अप्रैल को कोरोना के संकट को चुनौती देनी है। उसे प्रकाश की ताकत का परिचय करना है। इस 5 अप्रैल को 130 करोड़ देशवासियों की महाशक्ति का जागरण कराना है। 5 अप्रैल, रविवार को रात नौ बजे मैं आप सबके 9 मिनट चाहता हूं। आप रात नौ बजे घर की सभी लाइटें बंद करके घर के दरवाजे या बालकनी में मोमबत्ती, दिया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं।
हालांकि, ये अपील करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मेरी एक और प्रार्थना है, कि इस आयोजन के समय किसी को भी, कहीं पर भी इकट्ठा नहीं होना है। रास्तों में, गलियों या मोहल्लों में नहीं जाना है, अपने घर के दरवाज़े, बालकनी से ही इसे करना है। सोशल डिस्टेंसिंग की लक्ष्मण रेखा को कभी भी लांघना नहीं है। सोशल डिस्टेंसिंग को किसी भी हालत में तोड़ना नहीं है। कोरोना की चेन तोड़ने का यही रामबाण इलाज है।
