Apr 18 2026 / 8:14 PM

ओडिशा: ढेंकनाल में ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलटों की मौत

ढेंकनाल। ओडिशा के ढेंकनाल में सोमवार सुबह एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है। इस हादसे के बाद हड़कंप मच गया। अधिकारियों की भीड़ मौके पर पहुँच गयी। एयरक्राफ्ट में एक महिला ट्रेनी पायलट और ट्रेनर मौजूद थे। दोनों की इस हादसे में मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक, सरकारी विमानन प्रशिक्षण संस्थान (GATI) में बिरासल एयरस्ट्रिप पर ट्रेनिंग उड़ान भरने के तुरंत बाद एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है।

यहां स्थित बिरसाला में सरकारी विमानन प्रशिक्षण संस्था में सोमवार सुबह एक एयरक्राफ्ट ने ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरी थी। एयरक्राफ्ट में ट्रेनर समेत महिला ट्रेनी पायलट मौजूद थे। एयरक्राफ्ट के उड़ान भरने के बाद ही उसका सम्पर्क ग्राऊंड स्टेशन से टूट गया और प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस घटना में ट्रेनी महिला पायलट और उसके ट्रेनर की मौत हो गयी। दोनों को हादसे के बाद बुरी तरह जख्मी होने पर कामख्यानगर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मृतक ट्रेनर का नाम कैप्टन संजीव कुमार झा था, जो कि बिहार के रहने वाले थे। वहीं ट्रेनी पायलट की पहचान अनीस फातिमा की तौर पर हुई जो तमिलनाडु की निवासी थीं। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

अभी तक विमान क्रैश के कारण पता नहीं चल सका है। हालाँकि घटना की जांच शुरू हो गई है और अधिकारी विमान क्रैश होने के सही वजह का पता लगाने की कोशिश में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि हादसा या तो टेक्निकल दिक्कत या फिर मौसम की खराबी की वजह से हुआ है। फिलहाल जांच के बाद ही सही वजह का पता चल सकेगा।

Share With

मध्यप्रदेश