Sep 29 2026 / 8:32 PM

5वें चरण की 49 सीटों पर वोटिंग खत्म, 5 बजे तक करीब 56.68 प्रतिशत वोटिंग

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज (20 मई) मतदान हुआ है। छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 49 लोकसभा सीटों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल’ सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हुआ, जहां से क्रमश: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं।

इनके अलावा इस चरण में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा। पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान हुआ है।

शाम 5 बजे तक 56.68 फीसदी मतदान-
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में शाम 5 बजे तक कुल 56.68 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव निकाय के अनुसार, पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक मतदान (73 प्रतिशत) दर्ज किया गया। इसके बाद लद्दाख (67.15 प्रतिशत), झारखंड (61.90 प्रतिशत), ओडिशा (60.55 प्रतिशत), उत्तर प्रदेश (55.80 प्रतिशत), जम्मू और कश्मीर (54.21 प्रतिशत), बिहार (52.35 प्रतिशत) और महाराष्ट्र (48.66 प्रतिशत) रहा।

Share With

मध्यप्रदेश