Jul 08 2026 / 10:50 PM

पश्चिम बंगाल : 12 साल की बच्ची से रेप कर हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर

बारुईपुर। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के रेप और मर्डर के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया है कि पूरी वारदात को फिर से समझने के लिए आरोपी को बीती रात करीब 12:45 बजे क्राइम सीन पर ले जाया गया था। उस वक्त, आरोपी प्रभास मंडल ने पुलिस की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। आरोपी को घायल हालत में अस्पताल लाया गया लेकिन यहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारियों की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुलिस आरोपी प्रभास मंडल क वारदात की जगह सीन रीक्रिएशन करने लेकर गई थी। यहां उसने पुलिस से हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोलियां भी चलाईं। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की। आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया और बाद में अस्पताल द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

बता दें कि दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में रविवार को सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में लड़की का शव बरामद किया गया था। इसके बाद घटना के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बारुईपुर-जयनगर रूट को अवरुद्ध करके टायर जलाया था और कई वाहनों में तोड़फोड़ की थी। गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के शक में एक व्यक्ति को मार डाला था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एनकाउंटर में ढेर हुआ आरोपी प्रभास मंडल भी इस घटना के मुख्य संदिग्धों में से एक था। उसे रेप और हत्या से पहले सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ देखा गया था।

इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को बारुईपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की थी। इस दौरान सीएम ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। राज्य सरकार ने इस पूरी घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया है।

आरोपी प्रभास मंडल की मां ने कहा पुलिस मेरे घर पर आई थी। मुझे कहा कि आप प्रभास मंडल की मां हो? वो मारा गया है, मैंने कहा कि नहीं मैं उसे और देखना नहीं चाहती हूं। मैंने कहा कि मुझ में उतनी ताकत नहीं है जाने की। तो पुलिस ने मुझसे उनका आई कार्ड मांगा। मैं तो मां हूं मुझे तो तकलीफ होगी ही, लेकिन उसने जो काम किया है इसके लिए उसे सजा मिली है, अब मुझे शांति मिली है। नहीं, मेरे घर पर और कोई नहीं है बॉडी लेने के लिए। और मैं देखना नहीं चाहती हूं। मुझे कुछ मालूम नहीं वह कोई बात नहीं सुनता था। मां की कोई भी बात नहीं सुनता था। दिन भर नशे में डूबा रहता था। मुझे और कुछ नहीं कहना है।

Share With

मध्यप्रदेश