चक्रवात अम्फान: चार लाख से भी ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठ रहे चक्रवात अम्फान 200 किमी की रफ्तार से अपने केंद्र से आगे बढ़ रहा है। जिसके चलते समुद्र में 10-15 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता और ओडिशा के बालासोर जैसे कई इलाकों में अंफन के चलते बारिश शुरू हो चुकी है।
चक्रवात अम्फान बंगाल की खाड़ी में बीते कुछ दशक के दौरान आए सबसे भयानक चक्रवाती तूफानों में से एक है। इसके चलते पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 4 लाख से भी ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पड़ोसी देश बांग्लादेश में यह आंकड़ा 20 लाख से भी ज्यादा है।
इस तूफान की भयावहता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबंधित अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक कर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ओडिशा के मुखिया नवीन पटनायक को फोन कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
सेना और एनडीआरएफ हाई अलर्ट पर हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि प्रभावित इलाकों में लोग अब तभी बाहर निकलें जब सरकार कहे।
