पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने किया याद, कहा- उनका पुत्र होने पर मुझे गर्व है
नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की आज पुण्यतिथि है। इस मौके पर उन्हें पूरा देश याद कर रहा है। इस मौके पर कांग्रेस नेता और राजीव के बेटे राहुल गांधी ने उन्हें याद किया है। राहुल गांधी ने लिखा कि मुझे राजीव का बेटा होने पर गर्व है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और पुत्र राहुल गांधी ने उन्हें याद करते हुए ट्वीट किया है, एक सच्चे देशभक्त, उदार और परोपकारी पिता के पुत्र होने पर मुझे गर्व है। प्रधानमंत्री के रूप में राजीव जी ने देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया। अपनी दूरंदेशी से देश को सशक्त करने के लिए उन्होंने कई जरूरी कदम उठाए। आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं स्नेह और कृतज्ञता से उन्हें सादर नमन करता हूं।
वहीं कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर #ThankYouRajivGandhi कैंपेन शुरू किया है। कांग्रेस ने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, राजीव गांधी-वह व्यक्ति जिसने युवा भारत की नब्ज को महसूस किया और हमें उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर किया। वह आदमी जो युवा और बूढ़ों की जरूरतों को समझता था। जिनसे सभी प्यार करते थे।
बता दें कि राजीव गांधी की 21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में एक बम धमाके में हत्या कर दी गई थी। वह वहां पर एक चुनावी रैली संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान राजीव गांधी के पास एक महिला फूलों का हार लेकर पहुंची और उसके करीब जाकर उसने अपने शरीर को बम से उड़ा दिया। खबरों के मुताबिक, श्रीलंका में शांति सेना भेजने से नाराज तमिल विद्रोहियों ने तमिलनाडु के श्रीपेरम्बदूर में राजीव पर आत्मघाती हमला किया था।
