Apr 19 2026 / 4:14 AM

‘अम्फान’ से 72 लोगों की मौत, पीएम मोदी राज्य का दौरा करें: ममता बनर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अम्फान तूफान ने बड़ी तबाही मचाई है। पश्चिम बंगाल में तूफान से तबाही कितनी हुई इसका आकलन अभी बाकी है, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का दावा है कि अम्फान से राज्य में 72 लोगों की मौत हुई है। ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य का दौरा भी करने की मांग की है।

‘अम्फान’ के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ममता बनर्जी ने कहा, अभी तक पश्चिम बंगाल में 72 लोगों की मौत हो चुकी है। मैंने आज तक ऐसी तबाही नहीं देखी है। मैं प्रधानमंत्री से अपील करूंगी कि वह बंगाल आएं और हालात देखें। जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवार को 2.5 लाख का मुआवजा देने का ऐलान करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ‘अम्फान’ से प्रभावित राज्यों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने ट्वीट करके बताया, अम्फान के कारण पश्चिम बंगाल में हुई तबाही के विजुअल्स देख रहा हूं। यह काफी कठिन समय है, पूरा देश इस समय पश्चिम बंगाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। राज्य के लोगों की बेहतरी के लिए हम कामना करते हैं। हालात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

वहीं, भारतीय मौसम विभाग के डीजी मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि अम्फान को लेकर विभाग का पूर्वानुमान हर स्तर पर सटीक साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की तरफ से पूर्वी और पश्चिमी तटीय इलाकों में डॉप्लर वेदर रेडार लगे हुए हैं। सुपर साइक्लोन जब मूव कर रहा था, तब विशाखापत्तनम में ही हमारे रेडार ने उसे पकड़ लिया। मौसम विभाग ने सभी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके बिल्कुल सटीक पूर्वानुमान जताया।

Share With

मध्यप्रदेश