Oct 28 2026 / 7:01 AM

दिल्ली: कीर्ति नगर इलाके की झुग्गियों में लगी भीषण आग, 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर हुई खाक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कीर्ति नगर में स्थित झुग्गियों में गुरुवार रात आग लगने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आग में 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। फायर डिपार्टमेंट को रात 11 बजकर 20 मिनट पर इस घटना के बारे में सूचना दी गई, जिसके बाद 30 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुट गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बता दें कि इन झुग्गियों में बड़ी संख्या में मजदूर रहते हैं।

गुरुवार रात 11:20 बजे कीर्ति नगर के टिंबर मार्केट के पीछे की झुग्गी बस्तियों में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुट गई थीं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में लगा हुआ है, और घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि झुग्गियों में मौजूद सिलिंडर में हुए ब्लास्ट के चलते आग ने और भी भयावह रूप धारण कर लिया था। फिलहाल इसपर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

कीर्ति नगर को एशिया का सबसे बड़ा फर्नीचर मार्केट कहा जाता है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें काफी दूर तक देखी गईं। एहतियातन इलाके की बिजली काट दी गई और पुलिस टीम झुग्गी बस्तियों में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने में जुटी है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि आग लगने की वजह क्या थी। बता दें कि इस इलाके में पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है।

Share With

मध्यप्रदेश