Oct 28 2026 / 6:03 AM

सीएम योगी को मारने की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई एटीएस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई की एटीएस ने चूना भट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स ने योगी आदित्यनाथ को बम धमाके से मारने की धमकी दी थी। ध्यान रहे, शुक्रवार की रात को किसी शख्स ने यूपी पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजा था।

इस मैसेज के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर धमकी देने वाले की खोज की गयी। आरोपी का ठिकाना मुंबई में पता चलने पर यूपी पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क किया। महाराष्ट्र की एटीएस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को खोज निकाला और मुंबई के चूना भट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम कामरान अमीन खान है।

इससे पहले पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया था कि पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया व्हाटसऐप नंबर पर मध्यरात्रि के बाद लगभग साढे 12 बजे धमकी का मैसेज आया था। मैसेज करने वाले ने आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया और एक समुदाय विशेष के लिए योगी को खतरा बताया।

धमकी आने के कुछ ही मिनट में राजधानी के गोमती नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इस धमकी के कुछ ही मिनटों के भीतर लखनऊ के गोमती नगर थाने में धारा 505 (1) बी, 506 और 507 के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई थी। धमकी के महज 19 मिनट के अंदर 12 बजकर 51 मिनट पर एफआईआर दर्ज करा दी गई।

यह पहली बार नहीं है जब योगी को इस तरह से जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले बिहार पुलिस के एक जवान को भी पुलिस ने अरेस्ट किया था। बता दें कि पुलिस इस जवान को बिहार से गिरफ्तार कर लाई थी। बिहार पुलिस का यह जवान उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला था।

आरोपी का नाम तनवीर खान था। तनवीर खान ने 24 अप्रैल को यूपी के सीएम की हत्या करने की बात फेसबुक पर लिखी थी। जिसे देखने के बाद पुलिस हरकत में आई थी और मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू की तो तार बिहार तक जुड़े मिले और आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया।

Share With

मध्यप्रदेश