नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम से फैला कोरोना वायरस: संजय राउत
मुंबई। शिवसेना नेता सांसद संजय राउत ने रविवार को कहा कि गुजरात और बाद में मुंबई और दिल्ली में कोरोना वायरस फैलाने के लिए फरवरी में अहमदाबाद में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में आयोजित किया गया कार्यक्रम जिम्मेदार है जिसमें ट्रंप के शिष्टमंडल के कुछ सदस्यों ने हिस्सा लिया था।
शिवसेना के मुखपत्र सामना में अपने साप्ताहिक लेख में राउत ने कहा, इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में एकत्रित हुए जनसमूह के कारण गुजरात में कोरोनावायरस फैला है। ट्रंप के साथ आई टीम कुछ सदस्य मुंबई, दिल्ली भी गए थे, जिसके कारण संक्रमण फैला। गुजरात में कोरोनावायरस का पहला मामला 20 मार्च को सामने आया था। जब राजकोट के एक व्यक्ति और सूरत की एक महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
शिवसेना सांसद ने केंद्र सरकार की भी आलोचना करते हुए कहा कि लॉकडाउन बिना किसी योजना के लागू किया गया लेकिन अब इसे हटाने की जिम्मेदारी राज्यों पर छोड़ दी गई है। राउत ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को गिराने की भाजपा की तमाम कोशिशों के बावजूद महा विकास अघाडी सरकार को कोई खतरा नहीं है क्योंकि इसका अस्तित्व कायम रखना शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की मजबूरी है।
राउत ने कहा, देवेंद्र फडणवीस की अगुआई वाली भाजपा और शिवसेना की सरकार थी। उन्होंने सत्ताधारी सहयोगियों के बीच आंतरिक संघर्ष देखा, लेकिन तब भी अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। फडणवीस अब विपक्ष के नेता हैं। अघाडी सरकार की अंर्तकलह से पतन की भविष्यवाणी कर रहे हैं। अगर भाजपा और शिवसेना के बीच गहरे आंतरिक संघर्षों के बाद सरकार चली तो अब कैसे गिर सकती है।
उन्होंने कहा, फडणवीस ने हाल ही में एक ऑनलाइन से मीडिया बातचीत में कहा कि उनका एमवीए सरकार को अस्थिर करने का कोई इरादा नहीं था। यह अपने आप ही ढह जाएगी। उन्होंने कहा, फडणवीस का मतलब यह है कि तीनों सहयोगियों के बीच कलह पैदा करने और विधायकों को तोड़ने के सभी प्रयास विफल हो गए हैं। अब विपक्ष को उम्मीद है कि सहयोगी दलों के बीच कुछ होगा और सरकार टूट जाएगी।
बता दें कि ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी को अहमदाबाद में एक रोड शो में हिस्सा लिया था। इसमें हजारों लोग शामिल हुए थे। इसके बाद दोनों नेताओं ने मोटेरा क्रिकेट मैदान में एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित किया था।
