Apr 18 2026 / 9:36 PM

अब दिल्ली के अस्पतालों में होगा सिर्फ दिल्लीवालों का इलाज: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की स्थिति चिंताजनक है। इसी बीच दिल्ली सरकार द्वारा गठित पांच सदस्यीय डॉक्टरों की समिति ने भी अपनी रिपोर्ट सौंप दी, जिसके बाद सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कैबिनेट की बैठक में कुछ बड़े निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली सरकार के फैसलों की जानकारी दी।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने बताया कि 8 जून से सभी रेस्तरां, मॉल्स और धार्मिक स्थल खुलने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, दिल्ली सरकार के सरकारी हॉस्पिटल और प्राइवेट हॉस्पिटलों में सिर्फ दिल्ली के लोगों का इलाज होगा। वहीं, केंद्र सरकार के हॉस्पिटल सभी के लिए खुले रहेंगे।

उन्होंने बताया कि पांच लोगों की कमेटी ने विचार विमर्श करके सरकार को अपनी रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जून के आखिर तक दिल्ली को 15000 बेड की जरूरत होगी। इनका कहना है कि दिल्ली के अस्पतालों को बाकी लोगों के लिए नहीं खोलने चाहिए। अगर ऐसा किया तो दिल्ली के रिजर्व बेड तीन दिन में भर जाएंगे।

आज कैबिनेट ने फैसला किया कि हमें संतुलन बनाने की जरूरत है। दिल्ली के अस्पतालों में जो 10 हजार बेड हैं, उनमें सिर्फ दिल्ली के लोगों का इलाज होगा। केंद्र सरकार के अस्पतालों के 10 हजार बेड सभी लोगों के लिए खुले रहेंगे। कुछ निजी अस्पताल जो विशेष तरह की सर्जरी करते हैं, जिनकी सुविधा देश के बाकी हिस्सों में नहीं है, मरीज यहां आकर इलाज करा सकते हैं।

Share With

मध्यप्रदेश