भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू, आज बिहार में वर्चुअल रैली करेंगे अमित शाह
नई दिल्ली। कोरोनावायरस के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का असर अब चुनावों और रैलियों पर भी देखने को मिल रहा है। रविवार को गृह मंत्री अमित शाह वर्चुअल रैली के जरिए बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शाह की वर्चुअल रैली की शुरुआत करेंगे। बता दें कि इस साल के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं और प्रदेश में वर्चुअल रैली का नया सियासी प्रयोग शुरू हो रहा है।
अमित शाह की इस वर्चुअल रैली को भाजपा की तरफ से ‘बिहार-जनसंवाद’ नाम दिया गया है। इसको लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे अमित शाह आम लोगों से संवाद करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक होने के साथ ही सफलता के कई नए कीर्तिमान भी स्थापित करेगी।
जायसवाल ने बताया कि शुरुआत में इस वर्चुअल रैली में सिर्फ 22 जिलों के लोगों को जोड़ने की योजना थी, अब बिहार के सभी जिलों के लोगों को जोड़ा गया है। इस वर्चुअल रैली में श्रोताओं की संख्या एक लाख से बढ़ाकर 2 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा ने शाह की रैली के लिए बड़ी तैयारी की है। व्यक्ति भाजपा का सदस्य भले न बने हो, लेकिन भाजपा ने ऐसे हर व्यक्ति तक शाह की बात पहुंचाने की योजना तैयार की है। पार्टी का दावा है कि हर उस व्यक्ति के पास शाह की रैली का लिंक भेजा जाएगा, जिन्होंने अपने मोबाइल से सदस्यता के लिए मिस्ड कॉल दिया था। भाजपा ने ऐसे 56 लाख लोगों की पहचान की है। वैसे इनमें से बड़ी संख्या में लोग भाजपा से नहीं जुड़े, पर पार्टी उन्हें अपना मानती रही। इनका नंबर पार्टी के पास है।
इस पहल के बाद नीतीश कुमार भी इसी तरह की ऑनलाइन रैली करेंगे। नीतीश की पार्टी जदयू ने ऐलान किया कि 7 जून से लेकर 13 जून के बीच हर दिन नीतीश अलग-अलग जिलों में वर्चुअल रैली करेंगे। इसमें फेसबुक, यू-ट्यूब के माध्यम से वह हर दिन अलग-अलग जिलों के लोगों से जुड़ेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
