सेना प्रमुख नरवणे ने कहा- चीन से सटी सीमाओं पर स्थिति नियंत्रण में, नेपाल पर भी दिया बयान
नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने चीन और नेपाल के साथ चल रहे सीमा विवाद को लेकर बयान दिया। नरवणे ने कहा कि मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि चीन के साथ हमारी सीमाओं पर हालात पूरी तरह काबू में हैं। हम लगातार संपर्क में हैं। कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई है और समान रैंक के कमांडरों की बैठकें जारी हैं। नरवणे शनिवार को इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेने देहरादून पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ भी हमारे रिश्ते मजबूत हैं। हमारे बीच भौगोलिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक जुड़ाव है और दोनों देशों के लोग आपस में जुड़े हैं। यह रिश्ते आगे भी मजबूत रहेंगे। हमारे पास लोगों को जोड़ने के लिए बहुत मजबूत लोग हैं। उनके साथ हमारा संबंध हमेशा मजबूत रहा है और भविष्य में मजबूत बन रहेगा।
जनरल ने कहा कि जहां तक जम्मू-कश्मीर की बात है। पिछले 10 से 15 दिनों में 15 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं। यह सब सुरक्षाबलों और एजेंसियों के बीच अच्छे तालमेल की वजह से हुआ है। कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ ज्यादातर ऑपरेशन स्थानीय लोगों के इनपुट्स के बाद चलाए जाते हैं। यह बताता है कि स्थानीय लोग भी आतंकवाद से पूरी तरह से परेशान हो चुके हैं। वे चाहते हैं कि हालात सामान्य हो जाएं।
बता दें कि लद्दाख के साथ सिक्किम में मई के पहले हफ्ते से भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनातनी चल रही है। पिछले दिनों दोनों देशों के कोर कमांडरों के बीच कुछ दौर की बातचीत हुई। इसके बाद टकराव कम हुआ है।
चीन ने बुधवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच सेना पीछे हटाने को लेकर आपसी सहमति बन चुकी है। भारत पहले ही साफ कर चुका है कि दोनों देशों के बीच तनाव पूरी तरह तब खत्म होगा, जब चीन सीमा से 10 हजार सैनिकों को हटाएगा। इससे पहले 9 मई को सिक्किम में भी भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आ गए थे।
