पंजाब में फिर लगाया गया लॉकडाउन, बॉर्डर भी होंगे सील
चंडीगढ़। कोरोना संकट में पूरा देश जहां इस समय अनलॉक की तरफ बढ़ रहा है तो वहीं पंजाब एक बार फिर लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि सरकार ने अभी वीकेंड और किसी भी छुट्टी वाले दिन संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया है जिसमें आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
यानी शनिवार और रविवार को पंजाब में पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। एक बार फिर से पंजाब के बॉर्डर को सील किया जाएगा तो वहीं पंजाब की राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी इंटर-स्टेट बस सर्विस बंद कर दी गई है।
फ्लाइट, ट्रेन से आने वाले यात्रियों को अब घर में 14 दिन तक क्वारनटीन रहना पड़ेगा। बीते दिनों में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव के जो मामले आए हैं वह दरअसल ट्रैवल हिस्ट्री के हैं।
बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना संकट से निपटने के तमाम कोशिशें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना से निपटने के लिए कुछ सख्त फैसले लेने के संकेत भी दिए थे।
जानकारी के मुताबिक अलग-अलग डिपार्टमेंट के अधिकारियों और कोरोना को लेकर बनाई गई मंत्रियों की समूह कमेटी के साथ वीडियो कांफ्रेंस के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आने वाले दिनों में पंजाब में कोरोना के बढ़ रहे मामलों की आशंका के मद्देनजर सख्त फैसले लेने के लिए तमाम एक्सपर्ट्स से राय मांगी थी।
इसमें विशेष यह है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह मानते हैं कि दिल्ली में लगातार जो मामले बढ़ रहे हैं उसका असर पंजाब में भी पड़ सकता है। क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी से रोजाना औसतन 500 से 800 वाहन पंजाब में आ रहे हैं।
ऐसे में पंजाब सरकार ये विचार कर रही है कि दिल्ली और अन्य राज्यों से पंजाब में आ रहे लोगों के लिए कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया जाए। हालांकि इसे लेकर अंतिम फैसला पंजाब पुलिस, हेल्थ विभाग और मेडिकल एक्सपर्ट्स की राय के बाद ही लिया जाएगा।
