Oct 28 2026 / 4:17 PM

राज्यसभा चुनाव: पीपीई किट पहनकर वोट करने पहुंचे कोरोना संक्रमित विधायक

भोपाल। देश के 8 राज्यों की 19 सीटों पर आज राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मध्य प्रदेश में भी आज तीन सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं, इस बीच शुक्रवार दोपहर को एक खास नजारा दिखा। कांग्रेस पार्टी के विधायक कुणाल चौधरी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, वो पीपीई किट पहनकर वोट डालने पहुंचे।

राज्य में तीन सीटों के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ। राज्य के 205 विधायकों द्वारा मतदान किए जाने के बाद कुणाल चौधरी को एम्बुलेंस से चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के दल के साथ विधानसभा परिसर लाया गया। चौधरी पीपीई किट पहनकर पहुंचे। उनके साथ जो चिकित्सक और अन्य लोग थे, वे भी पीपीई किट पहने हुए थे। इतना ही नहीं, मतदान प्रक्रिया में शामिल कर्मचारी ने भी पीपीई किट पहनी थी।

चौधरी को पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाया गया था और उनका उपचार जारी है। चौधरी मतदान करने के इच्छुक थे, विधानसभा सचिवालय ने डाक मतपत्र से मतदान की व्यवस्था की थी, मगर चौधरी ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने की इच्छा जताई, जिस पर तमाम प्रोटोकॉल का पालन करते हुए चौधरी को मतदान करने का अवसर दिया गया।

भाजपा मीडिया विभाग के संवाद प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने चौधरी के मतदान पर एतराज जताते हुए ट्वीट कर कहा, कांग्रेसी विधायक कुणाल चौधरी राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने विधानसभा पहुंच रहे हैं!! कोरोना संक्रमित होने के बावजूद यह कैसे संभव है? जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

Share With

मध्यप्रदेश