Oct 26 2026 / 9:50 PM

देवास मुख्यालय परेड ग्राउण्‍ड में पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म विभाग की मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने ध्वजारोहण कर सलामी ली

देवास । जिले में स्‍वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाया गया। जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। 

पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने सुसज्जित सफेद जिप्सी पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। जिप्सी में कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्‍याय उनके साथ थे। परेड निरीक्षण उपरांत मुख्‍य अतिथि मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद सशस्त्र बलों द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए। हर्ष फायर उपरांत परेड कमांडर श्री रणजीत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड उपरांत मुख्‍य अतिथि मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने परेड कमाउंडरों से परिचय प्राप्त किया। मार्च पास्ट के उपरांत रंग बिरंगे गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ा। 

जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती लीला भैरूलाल अटारिया, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, देवास विकास प्राधिकरण अध्‍यक्ष श्री राजेश यादव, श्री राजीव खण्‍डेलवाल, श्री मनीष सोलंकी सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि, न्‍यायाधीशगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्‍टर श्री प्रवीण फुलपगारे, एएसपी श्री जयवीर सिंह भदौरिया, देवास एसडीएम श्री टी प्रतीक राव, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री बिहारी सिंह, नगर निगम कमिश्‍नर श्री रजनीश कसेरा, ट्राफिक डीएसपी श्री एचएन बाथम सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण, पत्रकारगणों के अलावा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अरविंद त्रिवेदी ने किया।

Share With

मध्यप्रदेश