Oct 28 2026 / 9:23 PM

मध्य प्रदेश: ग्वालियर में उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी के इंजन में लगी आग

भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अचानक खजुराहो इंटरसिटी ट्रेन के इंजन में आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार उदयपुर से खजुराहो जा रही ट्रेन जब सिथौली रेलवे स्टेशन पहुंची, तो इसी दौरान ट्रेन के इंजन से धुआं उठने लगा। ट्रेन के इंजन में धुआं देख चालक ने ट्रेन को रोका और उसके बाद इंजन से कूद गया। फिलहाल मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है।

बता दें, इंजन में आग लगने के दौरान इसके भीतर दो लोको पायलट बैठे हुए थे, जो तुरंत ट्रेन से कूद गए। इसके अलावा आग की जानकारी मिलने के बाद एसी कोच में बैठे यात्रियों ने डिब्बों के कांच फोड़कर अपनी जान बचाई। ट्रेन संख्या 19666 उदयपुर सिटी से चलकर खजुराहो जाती है। ये ट्रेन उदयपुर से रात 10.15 बजे चलती है और दूसरे दिन खजुराहो शाम 6.50 बजे पहुंचती है।

घटना को लेकर नार्थ-सेंट्रल रीजन के DPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सिठौली के पास ट्रेन संख्या 19666 उदयपुर- खजुराहो एक्सप्रेस के इंजन में धुआं देखा गया। जिसके बाद तुरंत ट्रेन को रोककर उसका ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट-कैंटिलीवर) को बंद कर दिया गया, फिलहाल धुएं पर काबू पा लिया गया है। अब जल्द ही दूसरे इंजन को लगाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जायेगा। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share With

मध्यप्रदेश