Oct 28 2026 / 4:59 PM

एनआरसी को महाराष्ट्र में लागू नहीं करेंगे: उद्धव ठाकरे

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को लेकर कहा है कि उनकी सरकार महाराष्ट्र में NRC लागू नहीं करेगी। सीएम ने यह बातें शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ को दिए एक इंटरव्यू में कही। महाराष्ट्र में सत्तारुढ़ महाविकास अघाड़ी की सरकार के सीएम उद्धव ठाकरे ने सामना के संपादक तथा शिवसेना सांसद संजय राउत को इंटरव्यू दिया है।

ठाकरे ने कहा, सीएए से देश के किसी भी नागरिक की नागरिकता नहीं छीनी जाएगी। हालांकि एनआरसी को महाराष्ट्र में लागू नहीं होने दिया जाएगा। एनआरसी लागू होने से हिंदू और मु्स्लिमों दोनों के ही लिए नागरिकता साबित करना काफी मुश्किल हो जाएगा। मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।

अपनी ही पार्टी के मुखपत्र सामना में उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व का नारा फिर से बुलंद किया है। उन्होंने कहा, हमने हिंदुत्व नहीं छोड़ा है और ना ही कभी छोड़ेंगे। महाराष्ट्र में हमने गठबंधन किया है, इसका मतलब यह नहीं कि हमने धर्म बदल लिया है। विचारधारा से कोई समझौता नहीं किया है। यह इंटरव्यू आगामी दिनों में प्रकाशित होगा।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की सियासत में ‘हिंदू हृदय सम्राट’ पर राजनीति चल रही है। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) और शिवसेना के बीच जंग शुरू हो गई है। दोनों ही दल हिंदुत्व की सियासत पर अपना हक जता रहे हैं। हाल ही में ठाणे में एक पोस्टर लगा था, जिसमें राज ठाकरे को ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बताया गया था।

Share With

मध्यप्रदेश