Oct 28 2026 / 10:59 AM

ओवैसी जैसे कट्टरपंथी शिक्षण संस्थानों में देश के खिलाफ जहर घोल रहे हैं : गिरिराज

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि ओवैसी जैसे कट्टरपंथी जामिया मिलिया व एएमयू जैसे शिक्षण संस्थानों में देश के खिलाफ जहर घोलकर एक देशद्रोही सेना बना रहे हैं।

भाजपा सांसद सिंह ने ट्वीट किया, ओवैसी जैसे कट्टरपंथी जामिया/एएमयू जैसे शिक्षण संस्थानों में देश के खिलाफ जहर घोल देश के खिलाफ एक देशद्रोही सेना बना रहे हैं। ओवैसी और ऐसे पनप रहे संविधान विरोधियों को रोकना होगा। भारतवंशी अब जग गए हैं, हमें दबाओ नहीं तोड़ो नहीं। तुम्हारे लिए पाकिस्तान बना दिया था, अब हमें चैन से जीने दो।

इस ट्वीट के साथ सिंह ने ओवैसी का लोकसभा में इससे जुड़े मुद्दे को उठाने का एक वीडियो भी पोस्ट किया है। सिंह ने एक अन्य ट्वीट में दिल्ली में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

सिंह ने ट्वीट किया, केजरीवाल के तुष्टीकरण एवं देश विरोधी ताकत को मदद करने के खिलाफ दिल्ली ही नहीं, संपूर्ण हिंदुस्तान जग रहा है। देश भक्त अपना रास्ता चुनेंगे और शाहीन बाग समर्थक केजरीवाल की ईंट से ईंट बजा देंगे। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेता चुनाव प्रचार करने दिल्ली पहुंचे हैं।

Share With

मध्यप्रदेश