Oct 28 2026 / 6:53 PM

10 फरवरी को छत्तीसगढ़ के 28 वें जिले का उद्घाटन करेंगे सीएम भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गौरेलापेंड्रा एवं मरवाही जिले का उद्घाटन 10 फरवरी को करेंगे। छत्तीसगढ़ में अब 10 फरवरी से 27 की जगह 28 जिले हो जाएंगे। पेंड्रा, गौरेला और मरवाही को मिलाकर नया जिला बनाया गया है। जिले का नाम भी यही रखा गया है। 10 फरवरी को 28वें जिले का उदघाटन करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के आला नेता, मंत्रियों सहित विधानसभा अध्यक्ष नए जिले के उदघाटन समारोह में शामिल होंगे।

उदघाटन समारोह में विपक्षी नेताओं का भी जमावड़ा रहेगा जिसमें मरवाही से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, कोटा विधायक रेणु जोगी तथा बिलासपुर के सांसद अरूण साव भी शामिल होंगे। नए जिले की सौगात क्षेत्रवासियों को 22 साल बाद मिलने जा रही है जबकि 3 जुलाई 1998 में इस जिले का राजपत्र तक में प्रकाशन हो चुका था।

10 फरवरी की तारीख चुनने के पीछे कारण यह भी माना जा रहा है कि यह दिन कोटा के पूर्व विधायक रहे तथा छत्तीसगढ़ के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय पंडित राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल का जन्मदिन भी इसी दिन पड़ता है। लिहाजा नए जिले का श्रेय लेने के लिये एक मंच पर धुर प्रतिद्वंदियों के पहुंचने को लेकर सियासी माहौल गर्माने लगा है।

Share With

मध्यप्रदेश