स्वामी कृष्णस्वरूप का विवादित बयान- पीरियड में महिला खाना बनाएगी तो अगले जन्म में बनेंगी ‘कुतिया’
अहमदाबाद। गुजरात के स्वामीनारायण भुज मंदिर के स्वामी कृष्णस्वरूप दासजी ने महिलाओं पर एक विवादित बयान दिया है। उन्होने कहा है कि ‘अगर पीरियड के दौरान महिलाएं खाना बनाएंगी तो निश्चित तौर से उनका अगला जन्म ‘कुतिया’ के रूप में होगा। बता दें कि इसी मंदिर के अनुयायी की ओर से चलाए जा रहे स्कूल के हॉस्टल में पिछले दिनों लड़कियों के अंडरवियर उतारे जाने का मामला सामने आया था। पीरियड की जांच के लिए लड़कियों को कपड़े उतारने पर मजबूर किया गया था।
बता दें कि स्वामीनारायण भुज मंदिर का यूट्यूब पर अपना पेज है, जहां अक्सर स्वामी कृष्णस्वरूप दासजी वीडियो अपलोड करते रहते हैं। ऐसे ही एक वीडियो में कृष्णस्वरूप कहते हैं कि जो पुरुष पीरियड से गुजर रहीं महिलाओं के हाथ का बना खाना खाते हैं वे अगले जन्म में बैल बन जाते हैं। कृष्णस्वरूप का कहना है कि अगर एक बार भी ये गलती हुई तो अगले जन्म में जानवर बनना तय है।
