शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों से मिले वार्ताकार
दो घंटे बातचीत पर भी नहीं बनी बात
कल फिर करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग में लगभग दो महीने से प्रदर्शन हो रहा है। बुधवार यानी 19 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त वार्ताकार सीनियर वकील संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन शाहीन बाग पहुंची। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से सुलह के फॉर्मूले पर बातचीत की और धरने की जगह बदलने का सुझाव दिया। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दोनों पक्षों में करीब दो घंटे तक बातचीत हुई लेकिन कोई नजीता नहीं निकल पाया।
बता दें कि इस मामले में संजय हेगड़े, साधना रामचंद्रन कल फिर शाहीन बाद जाकर लोगों से बात करेंगे। बातचीत के लिए रविवार तक का समय है। साधना रामचंद्रन और संजय हेगड़े ने कहा कि वे कल फिर आएंगे। बता दें कि आज की बातचीत मीडिया की गैरमौजूदगी में हुई।
सुप्रीम कोर्ट ने 17 फरवरी को रास्ता खुलाने के लिए वार्ताकार नियुक्त किए थे। इनमें संजय हेगड़े, साधना रामचंद्रन के साथ ही पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त वजाहत हबीबुल्लाह का भी नाम है। वार्ताकार जब शाहीन बाग पहुंचे तो प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
शाहीन बाग पहुंचने के बाद हेगड़े और रामचंद्रन ने स्टेज से प्रदर्शनकारियों से बात की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को तफसील से समझाया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पूछा कि रास्ता कैसे खुलेगा। जवाब मिला कि जब तक CAA वापस नहीं लिया जाता है, तब तक पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन पर देशद्रोही होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद वार्ताकार साधना रामचंद्रन ने कहा कि हमने आज शाहीन बाग में माताओं, बहनों और नागरिकों से पहली मुलाकात की। बहुत अच्छा लगा, आज बात तो पूरी हो नहीं पाई, आज शुरूआत ही हुई है। वो चाहते हैं कि हम कल दोबारा आए, हम कल दोबारा आएंगे।
