Oct 28 2026 / 1:32 PM

बाबरी विध्वंस के आरोपी को बनाया गया राम मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष: ओवैसी

हैदराबाद। महंत नृत्य गोपाल दास को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा कि न्यू इंडिया में आपका स्वागत है, जहां आपराधिक कृत्यों को सम्मानित किया जाता है।

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस को राष्ट्रीय शर्म बताया था। राम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक ट्रस्ट बनाने का आदेश दिया, जिसका गठन सरकार ने किया। इस ट्रस्ट का अध्यक्ष एक ऐसे व्यक्ति को बनाया गया है, जिस पर बाबरी मस्जिद को गिराने का आरोप है।

बता दें कि लंबे इंतजार के बाद केंद्र सरकार ने अयोध्या के सबसे बड़े मठ मणिराम छावनी के महंत नृत्‍य गोपाल दास को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्‍ट का अध्‍यक्ष और वीएचपी के उपाध्यक्ष चंपत राय को महासचिव बनाया है। महंत नृत्‍य गोपाल दास 1984 से ही मंदिर आंदोलन से जुड़े हैं। उनकी अध्यक्षता में मंदिर कार्यशाला में राम मंदिर के लिए पत्थरों को तराशने का काम चला। विवादित ढांचा विध्वंस की घटना में सीबीआई कोर्ट में दास और राय पर आपराधिक धाराओं में केस चल रहा है।

इस बीच रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है और इसके निर्माण में अगर और भी जमीन की जरूरत होगी, तो और जमीन ली जा सकती है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा जाएगा। महंत गोपाल दास ने कहा कि राम जन्मभूमि से जुड़े हुए सभी महात्माओं ने उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया है।

Share With

मध्यप्रदेश