Oct 28 2026 / 2:27 PM

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने की पीएम मोदी से मुलाकात

नई दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास (राम मंदिर ट्रस्ट) के पदाधिकारी गुरुवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने 7 लोककल्याण मार्ग पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास और महासचिव चंपत राय के साथ अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। जिन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अनौपचारिक मुलाकात की।

बैठक के लिए ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी भी प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। उनके साथ कामेश्वर चौपाल भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी को मंदिर निर्माण के लिए कुछ संभावित मुहूर्त दिए हैं और अयोध्या आने का निमंत्रण भी दिया है। प्रधानमंत्री ने इस पर विचार करने की बात कही।

इस मुलाकात से पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि मंदिर एक-दो महीने में बनना शुरू हो जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में ही बनकर तैयार हो जाएगा। बताया जा रहा है कि अगले दो साल में मंदिर का निर्माण संपन्न हो जाएगा। इससे पहले बुधवार को ट्रस्ट की बैठक हुई, जिसमें महंत नृत्य गोपालदास को ट्रस्ट का अध्यक्ष और चंपत राय को महासचिव बनाया गया।

Share With

मध्यप्रदेश