अहमदाबाद पहुंचे अमित शाह, ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम का लिया जायजा
अहमदाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 फरवरी को अहमदाबाद में मुलाकात के कुछ ही घंटे बचे हैं। मोटेरा स्टेडियम में आयोजित ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था देखने केंद्रीय गृह मंत्री और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित शाह रविवार को अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में पहुंचे।
उन्होंने ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम की तैयारियां देखीं और अधिकारियों के साथ सुरक्षा और प्रबंधन पर भी चर्चा की। केंद्रीय गृह मंत्री तीन दिन यानी 23, 24 और 25 फरवरी तक गुजरात में ही रहेंगे। ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह मंगलवार को केपी छात्र निकाय के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस यात्रा के दौरान गृह मंत्री की संगठन के नेताओं के साथ राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की यात्रा के मद्देनजर विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था के हिस्से के रूप में अहमदाबाद में रणनीतिक स्थानों पर 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं। अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कल अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ अहमदाबाद के साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे।
गुजरात में डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के दौरान उन्हें खास गुजराती व्यंजन परोसने की तैयारी की जा रही है। ट्रंप अपनी यात्रा के दौरान अहमदाबाद में लंच करेंगे और इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी भी उनके साथ मौजूद होंगे। ट्रंप अपनी गुजरात यात्रा के दौरान यहां के साबरमती आश्रम जाएंगे।
इस दौरान ट्रंप यहां भोजन भी करेंगे। इस खास भोज के लिए खाना बनाने के लिए फॉर्च्यून लैंडमार्क होटल के शेफ सुरेश खन्ना को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें गुजरात का स्पेशल खमण ढोकला, स्पेशल गुजराती जिंजर टी, ग्रीन टी और मल्टीग्रेन कुकीज शामिल हैं।
