दिल्ली के हिंसाग्रस्त इलाकों में पहुंचे NSA अजीत डोभाल
नई दिल्ली। दिल्ली में बीते तीन दिनों में हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है जबकि कुल 189 लोग घायल हैं। तीन दिन के बाद आज दिल्ली में हालात सामान्य हैं, लेकिन कुछ इलाकों से छिटपुट पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को हिंसा रोकने की जिम्मेदारी दी गई। जिसके बाद डोभाल एक बार फिर से नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सीलमपुर इलाके में डीसीपी ऑफिस पहुंचे। वहां से वह सीधे हिंसा प्रभावित मौजपुर की गलियों में पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए।
यहां लोगों से बात करते हुए अजीत डोभाल ने कहा कि वह गृह मंत्रालय की तरफ से निर्देश के बाद से ही इलाके के हालात का जायजा ले रहे हैं और हरसंभव कोशिश कर रहे हैं कि इलाके में जल्द स्थिति सामान्य हो। उन्होंने लोगों से भी इलाके में स्थिति सामान्य बनाने में सहयोग करने की अपील की।
अजीत डोभाल ने आज सीलमपुर इलाके में डीसीपी ऑफिस जाने के बाद डोभाल फिर हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया। आज डोभाल ने मौजपुर, जाफराबाद, घोंडा का दौरा किया। वहीं इससे पहले भी जाफराबाद, सीलमपुर समेत नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के कई इलाकों का डोभाल दौरा कर चुके हैं।
हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद एनएसए अजीत डोभाल ने कहा है कि पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लोग संतुष्ट हैं। मुझे कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर भरोसा है। पुलिस अपना काम कर रही है।’ इस दौरान डोभाल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।
लोगों से बातचीत करते हुए डोभाल ने कहा, प्रेम की भावना बनाकर रखिए। हमारा एक देश है। हम सबको मिलकर रहना है। देश को मिलकर आगे बढ़ाना है। वहीं सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पुलिस से हालात नहीं संभल रहे हैं। उन्होंने सेना बुलाने की मांग की है।
