Oct 28 2026 / 3:04 PM

पीएम मोदी ने किया बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास

चित्रकूट। प्रधानमंत्री मोदी ने चित्रकूट में करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि थोड़ी देर पहले ही यहां देश के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त करने के लिये 10 हजार एफपीओ यानि किसान उत्पादक संगठन बनाने की योजना शुरू की गयी है।

उन्होंने कहा कि किसान अब तक उत्पादक ही था और अब वह एफपीओ के माध्यम से व्यापार भी करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा चित्रकूट सहित पूरे उत्तर प्रदेश के करीब दो करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों के खातों में भी करीब 12 हजार करोड़ जमा हुये है। आप कल्पना कर सकते है, 12 हजार करोड.रूपये, सिर्फ एक वर्ष में। वो भी सीधे बैंक खाते में बिना बिचौलिये के, बिना किसी भेदभाव के।

उन्होंने कहा कि आपने दशकों में वे दिन भी देखे है जब बुंदेलखंड और किसानों के नाम पर हजारों करोड़ रुपये के पैकेज घोषित होते थे, लेकिन किसान की जेब तक कुछ नहीं पहुंचता था। अब दिल्ली से जारी होने वाली पाई पाई उसके हकदार तक पहुंच रही है। मोदी ने कहा कि इस वर्ष के बजट में भी अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये है, जिनका लाभ किसानों को होगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिये 16 सूत्री एक कार्यक्रम बनाया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश