Oct 28 2026 / 3:46 PM

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना- चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की बजाय पेट्रोल सस्ता करने पर ध्यान दें

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में चल रहे मौजूदा राजनीतिक संकट के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पेट्रोल के दामों पर निशाना साधा है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री कार्यालय से आग्रह करते हुए कहा कि वैश्विक तेल की कीमतों में आई 35 प्रतिशत की गिरावट का लाभ आम जनता को मिलना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि चूंकि वे एक निर्वाचित कांग्रेस सरकार को ‘अस्थिर करने में व्यस्त’ थे, शायद उन्हें पता नहीं है कि वैश्विक तेल की कीमतों में 35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा, क्या आप कृपया पेट्रोल के दाम 60 रुपये प्रति लीटर से कम करके भारतीयों को इसका लाभ पहुंचाने का कष्ट कर सकते हैं? इससे रूकी हुई अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

बता दें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई बेतहाशा गिरावट का फायदा अब आम भारतीयों को भी मिलने लगा है। भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को पेट्रोल का दाम 2 रुपये 69 पैसे गिरकर जहां 70.20 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया, वहीं डीजल के दाम 2.33 रुपये गिरकर 63.01 रुपये पर पहुंच गया।

बता दें सऊदी अरब और रूस के बीच ऑयल प्राइस वार छिड़ने से सोमवार को कच्चा तेल की कीमत अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार में 31 प्रतिशत तक टूट गई थी। इससे भारत को वित्तीय लाभ हो सकता है, क्योंकि हमारा देश पेट्रोलियम ईंधन के लिए काफी हद तक आयात पर ही निर्भर करता है। भारत अपनी जरूरत का 84 प्रतिशत से अधिक तेल आयात करता है। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में कमी से देश के आयात बिल में कमी आएगी और इससे खुदरा कीमतें भी कम होंगी।

Share With

मध्यप्रदेश