Oct 28 2026 / 4:32 PM

बुलेटप्रूफ फाइबर से बना अस्थाई मंदिर पहुंचा अयोध्या, इस दिन शिफ्ट होंगे रामलला

अयोध्या। रामलला का नया अस्थाई मंदिर अयोध्या पहुंच चुका है। यह मंदिर बुलेटप्रूफ फाइबर से निर्मित हैं। इसके साथ ही मंदिर में कई और सुविधाएं मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, रामलला को गर्मी से बचाने के लिए इसमें दो एसी (एयर कंडीशनर) भी लगाए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक मंदिर में 24 मार्च तक चबूतरा तैयार हो जाएगा। इसके बाद 25 मार्च को रामलला को इस चबूतरे पर विराजमान कराया जाएगा, जहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला की प्रथम आरती करेंगे।

रामलला के प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि 27 वर्षों से रामलला टेंट में विराजमान हैं। अब रामलला का फाइबर का मंदिर आ गया है। इसमें जल्द से जल्द रामलला को शिफ्ट कर दिया जाएगा। फाइबर का मंदिर बहुत अच्छा है। उसमें रामलला के लिए जरूरत की सारी सुख-सुविधाएं होंगी। रामलला को अब किसी भी तरह की समस्या नहीं होगी।

गौरतलब है कि फाइबर से बना यह राम मंदिर पानी और अग्नि से पूरी तरह सुरक्षित है। यह पहला मौका होगा, जब 1992 के बाद रामलला अपने टेंट से निकलकर फाइबर से बने सुख-सुविधायुक्त मंदिर में स्थानांतरित होंगे। अभी रामलला टेंट के मंदिर में विराजमान हैं, जहां पर सर्दी, गर्मी और बरसात तीनों ही मौसम में समस्याएं होती रही हैं। रामलला को गर्मी से बचाने के लिए भी इंतजाम नहीं थे। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर तैयारी तेज हो गई है।

Share With

मध्यप्रदेश